गोपेश्वर, 16 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी उप जिलाधिकारी और नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन-दो की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक में कहा कि हमारा कार्य और व्यवहार ही उत्तराखंड आने वाले पर्यटक और यात्री याद रखेंगे। इसलिए हम सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाना चाहिए। इसमें नगर निकायों की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा की।
इसमें जिलाधिकारी ने डोर टू डोर क्लेक्शन, सोर्स सेग्रीगेशन और सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबन्ध को अच्छी तरह इम्प्लीमेंट करने पर जोर दिया। यात्रा मार्ग, चौराहों पर अच्छी वॉल पेंटिंग बनाई जाए, जिसमें जागरुकता सन्देश हो और यहां से पर्यटक निकले तो उनको दिखना चाहिए कि चमोली उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ सुन्दर जनपद है।
जिलाधिकारी ने सभी ईओ और एसडीएम से इसमें बेहतर करने के सुझाव भी मांगे और सप्ताह में कम से कम दो दिन निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए जिससे पता चले कि सफाई कर्मचारी मौके पर काम कर रहे हैं, गाड़ियां डोर टू डोर कूडा इकट्ठा कर रही हैं और सोर्स सेग्रीगेशन अच्छी तरह से हो रहा है। आने वाले दिनों में हमें सबसे स्वच्छ जनपद बनाना। साथ ही सभी ईओ को बिना एसडीएम की स्वीकृति के मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, ईओ गोपेश्वर राजेन्द्र सिंह सजवाण, ईओ पीपलकोटी बीना नेगी, एई जल संस्थान सुशील सैनी आदि मौजूद थे।