देहरादून, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा जीत के मिथक को तोड़ते हुए दो-तिहाई बहुमत से विजयी हुई है। इसके बाद से सरकार बनाने का सिलसिला शुरू हो गया है। पार्टी आलाकमान कार्यवाहक मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से सरकार गठन को लेकर चर्चा कर चुके हैं। इसके बावजूद कई कैबिनेट मंत्री और विधायक दिल्ली परिक्रमा में लगे हुए हैं। हालांकि पार्टी ने राज्य के नेताओं से जनता के साथ होली मनाने को कहा है।
भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड में होली बाद नई सरकार का गठन होगा। कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनाव हारने के बाद कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री बनने की इच्छा से दिल्ली में संपर्क अभियान चलाये हुए हैं। कुछ विधायक तो मंत्री पद के लिए दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से संपर्क कर रहे हैं। जबकि पार्टी की ओर से इन विधायकों को बता दिया गया है कि होली बाद ही नई सरकार को लेकर कुछ निर्णय होगा।
भाजपा संगठन भी अपने विधायकों और नेताओं की क्षेत्र में आमजन के साथ होली मनाने को कह चुके हैं। इसके बावजूद कुछ भाजपा विधायक एवं नेतागण दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने दिल्ली में डेरा जमाए कुछ विधायकों के बारे में कहा कि विधायक दल की बैठक होली के बाद ही संभव है। ऐसे में सभी विधायकों को चाहिए कि वह अपने क्षेत्र में अपने जनता के बीच में जाएं और ख़ुशी और उल्लास का त्योहार होली उनके साथ मनाएं।