वैक्सीन लगवाकर बच्चों का कोरोना से करें बचाव- डीएम

Share

बुलन्दशहर, 16 मार्च (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बुधवार से 12 से लेकर 14 वर्ष के उम्र के बच्चों का कोविड वैक्सीनेशन किये जाने को लेकर बुधवार से अभियान शुरु हो गया है।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने पुराने महिला चिकित्सालय में वैक्सीनेशन कैम्प का फीता काटकर शुभारम्भ किया। वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन करते हुए 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों का पंजीकरण करते हुए कोविड वैक्सीन कोर्बिवेक्स बायोलॉजिकल ई कम्पनी की लगायी जा रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों के किये जा रहे वैक्सीनेशन कार्य के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकों से वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी ली। डीएम ने वैक्सीनेशन कराने के लिए आये बच्चों से भी वार्ता करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि जनपद में समस्त 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को चिन्हित करते हुए उन्हें कोविड वैक्सीन की डोज लगवायी जाए। इस अवसर पर अभिभावकों से भी अपील की कि वह भी अपने बच्चों की कोविड संक्रमण से सुरक्षा के लिए वैक्सीनेशन केन्द्र ले जाकर वैक्सीनेशन अवश्य करायें। इस मौके पर सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक मौजूद रहे।