लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.)। होली और आगामी अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाये जाने को लेकर पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने सोमवार को मातहतों को निर्देश दिए हैं। कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण तरीेके से सम्पन्न कराने में पुलिस अपनी अहम भूमिका निभाये।
डीजीपी ने जिलें के सभी पुलिस कप्तान, वरिष्ठ अधिकारियों व पुलिस कमिश्नरेट को होली पर्व व शब-ए-बारात को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराये जाने को कहा है। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाये।
कहा कि जिन जिलों के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में होलिका दहन होती है, वहां के आयोजक व धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के साथ बैठक कर सभी बिन्दुओं पर जिला प्रशासन के सहयोग से वार्ता कर ली जाये। तांकि बाद में किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो सके।
प्रत्येक छोटी सी छोटी घटना को गम्भीरता से लेते हुये तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर विवादों का हल कराया जाये। साथ ही साथ शान्ति समितियों तथा विभिन्न आयोजकों से बैठक करके समस्त अपेक्षित व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के दृष्टिगत उनकी सहभागिता प्राप्त की जाये।
होली के त्योहार पर अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग के साथ मिलकर पुलिस चेकिंग अभियान चलाये। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों जैसे ट्वीटर,व्हाटसएप,फेसबुक,इंस्टाग्राम आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जाये। भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर पुलिस द्वारा खंडन करते हुए भ्रामक फैलाने वालें पर कार्रवाई की जाये।
त्योहारों को लेकर इन दिनों भीड़ देखी जा रही है। इसके मद्देनजर पुलिस की टीमें गश्त करें। बाजारों में यथावश्यक एण्टीसेबोटाज चेकिंग,क्यूआरटी टीम का व्यवस्थापन करते हुये पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अग्निशमन की व्यवस्था बनाये रखी जाये। यातायात व्यवस्थाओं का पुनरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाये।