प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर सेमिनार का आयोजन

Share

हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार के एसएमजेएन पीजी कॉलेज में आन्तरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ तथा साहस संस्था के संयुक्त तत्वाधान में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने कहा कि टीम अविरल द्वारा प्लास्टिक के प्रबंधन की पहल अत्यंत सराहनीय है। यह संस्था बढ़-चढ़कर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन में भूमिका निभा रही है जिसके लिए संस्था बधाई की पात्र है। गंगा जोकि हमारी सांस्कृतिक, आर्थिक एवं धार्मिक पहचान है उसे स्वच्छ एवं निर्मल करने के लिए अविरल प्रोजेक्ट जैसे कार्यक्रम अत्यंत लाभप्रद हैं।

डॉ. बत्रा ने छात्र-छात्राओं से सिंगल यूज प्लास्टिक को कम से कम उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वेस्ट सामग्री प्रबंधन वर्तमान में सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा इसको आर्थिकी विकास का भी आधार बनाया जा सकता है।

प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए विशाल जायसवाल ने कहा कि छात्र चाहें तो अविरल प्रोजेक्ट से जुड़ सकते हैं। इससे न केवल उन्हें वित्तीय लाभ होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व भी पूरा होगा।