हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में हरिद्वार ग्रामीण से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत ने जीत दर्ज की है। अनुपमा रावत ने यहां से अप्रत्याशित जीत दर्ज करते हुए भाजपा के कद्दावर नेता स्वामी यतीश्वरानंद को हराया है। हरिद्वार ग्रामीण से मिली इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अनुपमा रावत की जीत के बाद उत्साहित होकर कांग्रेस के एक नेता ने रात में जमकर जश्न मनाया, जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है। कार्यकर्ता हरिद्वार ग्रामीण से विजयी विधायक अनुपमा रावत के लिए इतना खुश था कि वह कार की छत पर चढ़ गया। इसके बाद उसने जमकर नारेबाजी की। नेता ने कांग्रेस के नारे लगाने से साथ ही अनुपमा रावत को अपनी बहन बताकर उनकी जय जयकार भी की। यही नहीं इस नेता ने कांग्रेस की जीत से खुश को होकर अपने हाथ पर रखकर पटाखा भी फोड़ा।