जोशीमठ,11 मार्च (हि.स.)। चमोली की तीन विधानसभा सीटों में से दो पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा बरकरार रहा। जिले की एक सीट कांग्रेस की झोली में गई। कर्णप्रयाग व बद्रीनाथ से जीत दर्ज करने वाले भाजपा के अनिल नौटियाल व कांग्रेस के राजेंद्र भण्डारी तीसरी बार विधायक बनने में सफल रहे। इसके अलावा पहली बार विधायक निर्वाचित हुए भूपाल राम टमटा ने अच्छे अंतरों से जीत दर्ज की।
बद्रीनाथ विधानसभा में भाजपा के महेश भट्ट को कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र सिंह भंडारी ने 2066 वोट से हराया। भट्ट को 30,595 और कांग्रेस को 32,661 वोट मिले। इसी प्रकार थराली विधानसभा से भाजपा के भूपाल राम टम्टा ने कांग्रेस के डॉ जीतराम को 8302 वोट से हराया। यहां भाजपा को 32852 वोट और कांग्रेस को 24550 वोट मिले। कर्णप्रयाग विधानसभा से भाजपा के अनिल नौटियाल ने कांग्रेस के उम्मीदवार मुकेश नेगी को 6715 वोट से हराया। यहां भाजपा को 28911 वोट और कांग्रेस को 22196 वोट मिले।