लखनऊ, 10 मार्च (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के प्रास्थोडेंटिस्ट विभाग ने 24वें इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसायटी नेशनल पीजी कन्वेंशन में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
इस सम्मेलन में केजीएमयू के प्रास्थोडेंटिस्ट विभाग की ओर से सीनियर रेजिडट डॉक्टर नीति सोलंकी, डॉ अदिति वर्मा व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर अक्षि एवं डॉ अपूर्व वर्मा ने प्रोस्थोडॉन्टिक क्वीज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न कालेजों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था।
इसी क्रम में टेबल क्लीनिकल प्रस्तुति में भी दूसरा पुरस्कार प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग की डॉ अपूर्व वर्मा, डॉक्टर अक्षी, डॉक्टर हुस्बाना बकरोलवाला ने प्राप्त करके केजीएमयू का नाम रोशन किया है। क्लीनिकल प्रस्तुति में म्यूकोरमायकोसिस से ग्रसित मरीजों के इलाज के संबंध में इलाज की नई विधियों को दर्शाया गया।
इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसायटी के अध्यक्ष डॉक्टर बी. रंगराजन ने भी इस प्रस्तुति की सराहना की। डॉ रंगराजन ने कहा कि विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर उपचार शिक्षण और प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
केजीएमयू के कुलपति ले. जनरल बिपिन पुरी ने इसके लिए केजीएमयू के चिकित्सकों की टीम की प्रशंसा एवं उत्साहवर्धन किया है। कुलपति ने कहा कि विभाग अच्छा और गुणवत्तापूर्ण कार्य कर रहा है।
केजीएमयू के प्रास्थोडेंटिस्ट विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ पूरन चंद ने विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों को उनके रचनात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ पूरन चंद ने विभाग के समस्त चिकित्सा शिक्षकों एवं सहकर्मियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।