फतेहपुर: कारागार मंत्री ने बचाई साख, खाद्य व रसद मंत्री नहीं बचा पाये अपना रुतबा

Share

– जिले की छह सीटों पर चार भाजपा, दो सपा विजयी

फतेहपुर, 10 मार्च (हि.स.)। जिले में बहुप्रतीक्षित मतगणना में गुरुवार को दो मंत्रियों की साख भी दांव में थी। जिसमें अपना दल एस विधायक व प्रदेश कारागार मंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने सपा को हराते हुए अपनी साख बचा ली है। वहीं खाद्य व रसद मंत्री व भाजपा विधायक रणवेन्द्र प्रताप सिंह अपना रुतबा नहीं बचा पाये। उनहें सपा की उषा मौर्य ने शिकस्त दी। शेष चार सीटों पर तीन में भाजपा व एक में सपा ने परचम लहराया।

आज सुबह आठ बजे से शहर की मण्डी समिति में मतगणना शुरू हुई। शुरू से ही जिले की छह सीटों पर जो रूझान रहे, उनमें बहुत फेरबदल नहीं हुआ और चार सीटों पर भाजपा व दो सीटों पर सपा लगातार बढ़त बनाये रखा।

बिन्दकी विधानसभा से कारागार मंत्री जय कुमार सिंह जैकी पहले राउंड से ही आगे रहे वहीं सपा प्रत्याशी रामेश्वर दयाल दयालू पीछा करते रहे। अपना दल एस भाजपा गठबंधन प्रत्याशी जयकुमार सिंह जैकी 26 राउंड चली मतगणना में पड़े कुल मत 1,88,768 में 79,656 पाकर विजयी हो गये। वहीं सपा प्रत्याशी रामेश्वर दयालू 73,237 मत हासिल कर दूसरे नम्बर में रहे।

हुसेनगंज विधानसभा में खाद्य रसद मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह व सपा प्रत्याशी ऊषा मौर्य में टक्कर रही लेकिन मंत्री कभी सपा प्रत्याशी से आगे नहीं हो पाये। सपा प्रत्याशी ऊषा मौर्य 26 राउंड चली मतगणना में कुल पड़े मत 1,87,814 में से 91,497 पाया वही मंत्री मात्र 66,602 मत पा सके।

जहानाबाद विधानसभा में 28 राउंड चली मतगणना में कुल पड़े मत 2,07,686 मे से भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह पटेल ने 93,755 पाकर सपा प्रत्याशी मदन गोपाल वर्मा जो 85,359 मत पाये, शिकस्त दी।

खागा विधानसभा से चौथी बार ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए भाजपा प्रत्याशी कृष्णा पासवान ने सपा प्रत्याशी रामतीरथ परमहंश को हराया। कुल पड़े मत 1,98,045 भाजपा प्रत्याशी कृष्णा पासवान को 83,141 व सपा प्रत्याशी को 77,106 मत मिले।

अयाह शाह सीट पर भाजपा प्रत्याशी विकास गुप्ता 70,532 पाकर सपा प्रत्याशी विशम्भर निषाद (57,605) को शिकस्त देकर दुबारा जीत हासिल की।

सदर विधानसभा से भाजपा विधायक विक्रम सिंह(86,724)व सपा चन्द्र प्रकाश लोधी(95,607) के बीच हुई टक्कर में सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल किया।