लखनऊ, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सीटें इकाई तक सीमित हो गयी। बसपा को रसड़ा सीट से जीत की आस बची है और यहां बसपा के प्रत्याशी उमाशंकर सिंह तीसरी बार जीतकर हैट्रिक लगा सकते हैं।
प्रदेश में बसपा की सीटों की लालसा धरी की धरी रह गयी और बलिया के रसड़ा विधानसभा सीट से लड़ रहे बसपा प्रत्याशी उमाशंकर सिंह आखिरी आस के रुप में बचे। बसपा के लिए उमाशंकर सिंह ये सीटें पिछली बार 2017 और उससे पहले 2012 में जीते थे। इस बार भी उमाशंकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी बब्बन को कड़ी टक्कर देते हुए बढ़त बनायी हुई है।
मतगणना दिवस पर सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक बसपा की बढ़त वाली सीटों की संख्या घटती ही गयी और जिससे बसपा खेमे में मायूसी छा गयी। बसपा के प्रवक्ताओं ने फोन उठाने बंद कर दिये तो पदाधिकरियों ने स्वीच आफ ही कर लिया। बसपा के मुख्यालय के बाहर अक्सर ही सन्नाटा रहता हैं लेकिन आज की तस्वीर अलग दिखती है।
माल एवेन्यू स्थित बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के कार्यालय के बाहर भी भीड़ नहीं देखी गयी। सुबह कुछ लोग आये भी थे, लेकिन जैसे ही समय बीतता गया, वे भी कार्यालय से निकल गये।