मानवता एवं सामुदायिक सेवा ही रोटरी का मूल उद्देश्य : डॉ अमित त्रिपाठी

Share

–रोटरी सदस्यों की एकजुटता का परिचायक : ऋषि अग्रवाल

–रोटरी प्रयागराज संगम के प्रयास से एक गरीब को लगा पेसमेकर

प्रयागराज, 09 मार्च (हि.स.)। रोटरी प्रयागराज संगम के अध्यक्ष डॉ अमित त्रिपाठी ने कहा कि हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि मानवता एवं सामुदायिक सेवा ही रोटरी का मूल उद्देश्य है। वहीं, सचिव ऋषि अग्रवाल ने कहा कि रोटरी के सभी सदस्यों के सहयोग से एक गरीब को पेसमेकर लगा और उसकी जान बच गई। यह रोटरी सदस्यों की एकजुटता का परिचायक है।

मामला है चकिया निवासी गणेश का, जो आलमारी वगैरह बनाने का काम करते हैं। आज से लगभग 10 दिन पहले उनको हार्ट अटैक हुआ था और स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती करने के बाद हृदय विशेषज्ञ ने उन्हें पेसमेकर लगवाने की सलाह दी। घर की माली हालत दवा खरीदने की भी नहीं थी। उसमें पेसमेकर लगवाना उनका परिवार सोच नहीं सकता था। उनके जान जाने का भी खतरा था और उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी। रोटरी प्रयागराज संगम के सदस्यों को इस बात की जानकारी मिली तो सभी लोगों ने मिलकर गणेश की जान किसी भी कीमत पर बचाने का संकल्प लिया और एकजुट होकर सभी ने पूरा सहयोग किया। रोटरी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डॉक्टर से मिलकर ऑपरेशन का पूरा इस्टीमेट बनवा कर सहयोग राशि एकत्रित किया। 2 मार्च को उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया और 6 मार्च को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया। जो आज अपने परिवारी जनों के साथ खुश नजर आ रहे हैं।

बुधवार को रोटरी प्रयागराज संगम के अध्यक्ष डॉ अमित त्रिपाठी, सचिव ऋषि अग्रवाल, कुलदीप मिश्रा आदि उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने उनके घर गए और उनके परिवार को प्रोत्साहित किया। रोटरी के सभी सदस्यों ने उनके घर की आर्थिक स्थिति देख कर ईश्वर को धन्यवाद दिया कि वास्तव में एक जरूरतमंद को रोटरी प्रयागराज संगम के सदस्यों द्वारा उचित सहयोग प्रदान किया गया।

सचिव ने बताया कि सहयोग करने वालों में डॉ बी.के. कश्यप, डॉ अमित त्रिपाठी, ऋषि अग्रवाल, रविन्द्र शुक्ला, श्रेयांश जैन, विकास गुप्ता, कुलदीप मिश्रा, दिवाकर श्रीवास्तव, राहुल अग्रवाल, जयन्त श्रीवास्तव, विकास बरनवाल, मनदीप श्रीवास्तव आदि रहे। जिनके सहयोग से यह नेक काम पूरा हुआ। उन्होंंने कहा कि रोटरी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मानवता एवं समाजसेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।