नेपाल में बर्ड फ्लू, महराजगंज में सतर्कता

Share

महाराजगंज, 09 मार्च (हि.स.)। जिले की सीमा से लगे पड़ोसी देश नेपाल के चितवन आदि जगहों पर वर्ल्ड फ्लू की फैलने की सूचना मिलने के बाद पशुपालन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारियों और पशु चिकित्सा अधिकारियों को जारी एडवाइजरी में बर्ड फ्लू की निगरानी और रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविंद कुमार गिरि द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक नेपाल सीमा से लगने वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाये। मुर्गे-मुर्गियों की मृत्यु की सूचना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी सभी पशु चिकित्सकों तक पहुंचाने को भी कहा गया है। इधर पशु चिकित्सकों को इस संबन्ध में तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि पशुपालन विभाग ने यह कदम पड़ोसी देश नेपाल से आने वाली संभावित बर्ड फ्लू बीमारी को देखते हुए उठाया गया है।

यह भी जानें

यह बीमारी कम तापमान पर पशुओं में फैलती है। किसी भी समय इसका प्रकोप हो सकता है। गर्मी की शुरुआत में दिन में धूप और रात में संघर्ष के कारण इसके संक्रामक रोग फैलने की संभावना रहती है।

यह है सतर्कता

सीमावर्ती क्षेत्रों और जंगली पक्षियों वाले क्षेत्रों में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं, सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों को नियमित रूप से सैंपल एकत्र करने को कहा गया है। इनकी जांच के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजने को कहा गया है।

बोले मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि प्रवासी पक्षी बर्ड फ्लू को फैलाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जहां जहां प्रवासी पक्षियों के आगमन की संभावना है, वहां पर कड़ी निगरानी रहेगी। बीमार मुर्गे-मुर्गियों की अचानक मृत्यु की सूचना को निकटतम पशु चिकित्सा अधिकारी को देना अनिवार्य किया गया है। एक एक्शन प्लान के अनुसार कार्रवाई की व्यवस्था की गई है।