फरेंदा के भाजपा प्रत्याशी ने किया चुनाव में सबसे अधिक खर्च

Share

महाराजगंज, 09 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च का हिसाब दे दिया है। अभी मतगणना में आने वाले खर्च का आंकलन नहीं किया गया है।

मुख्य कोषाधिकारी शालिग्राम ने बुधवार को बताया गया कि फरेंदा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी बजरंग बहादुर ने सबसे अधिक धनराशि खर्च किया है, जबकि इसी विधानसभा क्षेत्र की ईशु चौरसिया ने सबसे कम धन खर्च किया है। बता दें कि निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों के खर्च की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये तक तय की है। प्रत्याशियों ने 27 फरवरी को अपने खर्च का ब्यौरा दिया है।

फरेंदा में यह है स्थिति

फरेंदा विधानसभा के भाजपा उम्मीदवार ने 25 लाख 32 हजार 74 रुपये खर्च किया है, जबकि इसी विधानसभा की ईशु चौरसिया ने 05 लाख 36 हजार 252 रुपया खर्च कर विधायक बनने की भरसक कोशिश की है।

नौतनवां में सबसे अधिक और कम खर्च

नौतनवा विधानसभा में बसपा उम्मीदवार अमनमणि त्रिपाठी ने अपने विधानसभा में सबसे अधिक रुपये 24 लाख 36 हजार 970 खर्च किया है, जबकि सपा उम्मीदवार कुमार कौशल किशोर उर्फ मुन्ना सिंह ने 12 लाख 60 हजार 326 रुपये खर्च का ब्यौरा जमा किया है।

पनियरा में सपा के कृष्णभान ने किया सबसे अधिक खर्च

पनियरा विधानसभा के सपा उम्मीदवार कृष्णभान सिंह सैथवार ने 15 लाख 59 हजार 990 रुपया खर्च किया है। बसपा उम्मीदवार ओम प्रकाश चौरसिया ने सबसे कम 07 लाख की धनराशि को खर्च किया है।

सदर में धीरेंद्र ने किया सबसे कम खर्च

सदर विधानसभा महाराजगंज में कांग्रेस के उम्मीदवार आलोक ने 11 लाख 88 हजार 415 रुपया खर्च किया है, जबकि बसपा उम्मीदवार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने सबसे कम 04 लाख 72 हजार 461 रुपया खर्च किया है।

बता दें कि इन उम्मीदवारों ने अपने खर्चे का हिसाब 27 फरवरी तक का दिया है। उम्मीदवारों के मतगणना के दिन तक का खर्च जोड़ा जाएगा। उम्मीदवारों को मतगणना के 30 दिन के अंदर खर्च का पूरा ब्यौरा देना होगा।