मुरैना, 08 मार्च (हि.स.)। महिलाओं को सजग एवं जागरूक बनाने के प्रयास चहुंओर किये जा रहे हैं। मंगलवार को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के हित में मुरैना का जिला पुलिस बल आगे आया है। पुलिस द्वारा महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य तथा उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं में सम्मान से प्रेरणा उत्पन्न करने के लिये सुबह से ही कार्यक्रम आरंभ कर दिये।
जिले की महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनाव से मुक्ती, बेहतर स्वास्थ्य के लिये योग का प्रशिक्षण सुबह प्रदान किया गया। इससे पुलिस की महिला अधिकारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न हुई। योग प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुईं अधिकारियों ने स्वीकार किया कि प्रतिदिन कुछ समय के लिये योग किया जाये तो निश्चित ही स्वास्थ्य बेहत्तर होगा। योग प्रशिक्षण के लिये जिले के कैलारस से महिला प्रशिक्षक को लाया गया था। वहीं आत्म विश्वास सुदृढ़ करने के लिये जिले की यातायात व्यवस्था के बेहतर संचालन हेतु महिला पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
सुबह से उत्साह के साथ महिला पुलिस अधिकारी यातायात का संचालन कर रहीं हैं। इससे शहरवासी अचंभित रह गये। महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा यातायात व्यवस्था संचालित किये जाने से दुपहिया व चार पहिया चालक नियमों के विपरीत जाने का प्रयास नहीं कर पा रहे थे। मुरैना शहर के पुल चौराहा, कोतवाली तथा बैरियर चौराहे पर यातायात की कमान संभाले महिला अधिकारियों के सामने नियम तोडऩे वाले चालकों पर जुर्माना किये गये।
पुलिस द्वारा महिलाओं के उत्थान व सर्वांगीण विकास को प्रदर्शित करती हुई चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर बाद किया जा रहा है। इन प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रस्तुति पर पुरस्कृत किया जायेगा। यहीं पर उन महिलाओं को सम्मानित किया जायेगा, जो निरंतर महिलाओं के हित के लिये कार्य कर रही है। मुरैना की उप पुलिस अधीक्षक प्रियंका मिश्रा ने बताया कि महिला पुलिस अधिकारियों में कार्य के प्रति दृढ़ता उत्पन्न करने हेतु महिला दिवस पर उन्हें जिम्मेदारी दी गई है, जिसका निर्वहन पूरी ईमानदारी से किया जा रहा है।