हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय की यज्ञशाला में यज्ञ हुआ। इस दौरान भारत सरकार की तरफ से आडिट करने वाली टीम की अध्यक्ष अमिता जैन ने यजमान के रूप में आहुतियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि इस आनन्ददायक दिवस पर इस पुण्यभूमि में यजमान बनना मेरे लिये सौभाग्य का विषय है।
आडिट टीम के प्रमुख सुजीत कर्माकर ने कहा कि गुरुकुल अपने अन्दर विशालता को समेटे हुए नजर आता है। कुलपति प्रो. रूपकिशोर शास्त्री ने इस दिवस पर समस्त मातृशक्ति को बधाई प्रदान करते हुए समाज हित में उनके द्वारा किये गये महत्त्व के बारे में बताया। यज्ञ के व्यवस्थापक प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने महर्षि दयानन्द सरस्वती तथा आर्य समाज के द्वारा नारियों की शिक्षा के लिए किये गये अपूर्व योगदान का स्मरण कराया। वित्ताधिकारी प्रो. वीके.सिंह ने टीम के सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया। यज्ञ के ब्रह्मा प्रो. मनुदेव बन्धु ने नारियों के साहस एवं शौर्य की चर्चा की।
इस अवसर पर कुलसचिव डा. सुनील कुमार, प्रो. अम्बुज शर्मा, प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, प्रो. एल.पी. पुरोहित, डा. मौहरसिंह मीणा, डॉ भगवान दास, डा. मीरा त्यागी, डा. बिन्दु मलिक, डा. रेखा मलिक, डॉ विपिन बलियान, कन्या गुरुकुल परिसर की विभिन्न शिक्षिकाएं और जितेन्द्र नेगी, राजकुमार बीरेन्द्र बिष्ट, तरुण, सुशील आदि उपस्थित रहे।