मुथूट फाइनेंस में लूट करने वाला आरोपित गिरफ्तार, साथियों की पहचान

Share

देहरादून, 08 मार्च (हि.स.)। प्रिंस चौक स्थित मुथूट फाइनेंस गोल्ड लोन में हुई लूट में अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। इसमें प्रबंधक ऋषिपाल ने मुकदमा दर्ज कराया था।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की टीम ने गत 20 जनवरी को प्रिंस चौक स्थित मुथूट गोल्ड लोन फाइनेंस शाखा में नियुक्त गार्ड को बंधक बनाकर ताले और चैनल तोड़कर लूटने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने उक्त घटना को अंजाम देने वाले आरोपित इश्तियाक आलम पुत्र हसीमुद्दीन झारखंड को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसने इस घटना में 10 आरोपितों के शामिल होने की जानकारी दी जिसमें शाहिद शेख पुत्र सिकंदर शेख, असरुद्दीन शेख पुत्र खुर्शीद हाजी, शमीम पुत्र तसरूद्दीन, जाकिर सुनार झारखंड के नाम शामिल हैं जो गैस कटर तथा अन्य औजारों से इस तरह की लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।

आरोपित के अनुसार उसके गैंग में कुछ नेपाली भी शामिल हैं जो चौकीदारी करते हैं और इनको रेकी कर घटनास्थल की जानकारी देते हैं। इन लोगों ने दिल्ली, मुंबई, उत्तराखंड और चेन्नई में इसी तरह की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी, लेकिन उससे पहले ही पकड़े गए। आरोपित के अनुसार एक रिदिम बार में करने वाले नेपाली गणेश बहादुर और राम बहादुर ने इस स्थान की रेकी की थी।

इस घटना में इश्तियाक आलम, शाहिद जो ग्रुप लीडर हैं। साहिद, असरुद्दीन शेख व शमीम मिस्त्री भी इस घटना में शामिल थे। इनके 9 अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की है।