– चलाई स्पेशल ट्रेन, सभी स्टाफ महिलाएं
मऊ, 08 मार्च (हि.स.)। विश्व महिला दिवस के अवसर पर मंगलवार को भारतीय रेलवे ने महिलाओं के सम्मान में रामबाग से मऊ स्पेशल ट्रेन (05138) चलाया। इस दौरान रेलवे महिला कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। स्पेशल ट्रेन की खास बात यह है कि इसकी सभी स्टाफ महिलाएं हैं।
पूरा विश्व जहां आठ मार्च को विश्व महिला दिवस मना रहा है और महिलाओं के सम्मान में तरह-तरह के आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में भारतीय रेलवे ने भी महिलाओं के सम्मान के लिए एक अनोखी पहल की है।
रेलवे ने रामबाग से मऊ के लिए स्पेशल ट्रेन को चलाकर महिलाओं को सम्मानित किया। इस ट्रेन के संचालक से लेकर सभी स्टॉफ महिलाएं ही हैं। मऊ जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचने पर आरपीएफ व रेलवे कर्मचारियों ने सभी महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया।
आरपीएफ प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि देश के विकास के लिए महिलाओं का प्रतिनिधित्व बहुत ही आवश्यक है। “यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता”। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर काम को करने के लिए सक्षम है और आधी आबादी के सम्मान में आज रेलवे ने महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया है।
वाराणसी में तैनात सहायक लोको पायलट श्रेणी श्रीवास्तव ने सम्मानित होने के बाद रेलवे का आभार जताते हुए कहा कि सभी का धन्यवाद जिन्होंने हमें पंख दिए उड़ने के लिए। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस ट्रेन को चलाने का मौका मिला। देश में बदलाव हो रहे हैं और हमें गर्व है कि हम इसका हिस्सा है।