वाराणसी, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद 10 मार्च को सुबह आठ बजे से पहड़िया मण्डी में मतगणना शुरू होगी। मतगणना स्थल पर इसके लिए तैयारियां चल रही है। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रेक्षक, वरिष्ठ अधिकारियों, मतगणना कार्मिकों,राजनीतिक पार्टियों के काउंटिंग एजेन्ट, मीडिया तथा अन्य कर्मचारियों के लिये बैठने, पीने के पानी, शौचालय, सफाई व्यवस्था आदि दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मतगणना स्थल पर आठों विधानसभा के लिए प्रेक्षक तथा आर.ओ. की उपस्थिति में राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम का स्क्रूटनी व फीडिंग का कार्य किया जा रहा है। कार्य समाप्त होते ही परिसर खाली कर दिया जायेगा। केवल यहां सीपीएमएफ परिसर में रहेगी और निगरानी करेगी। स्ट्रांग रूम सील कर सीपीएमएफ की सुरक्षा में पहले ही दिये जा चुके हैं। इस पर सीसीटीवी कैमरे से नज़र रखी जा रही है, इसका कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। जहां पर बैठ कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि निगाह रख सकेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार को मतगणना कार्मिकों को ट्रेनिंग दी जाएगी।