लखनऊ, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में राबर्ट्सगंज सीट पर सुबह 10 बजे के बाद मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। महिलाओं में विशेष रुप से उत्साह है। इसी बीच में भाजपा प्रत्याशी भूपेश चौबे ने भी मतदान किया।
राबर्ट्सगंज के राजकीय इण्टर काॅलेज की बूथ 39 पर भाजपा प्रत्याशी भूपेश चौबे अपनी धर्मपत्नी तृप्ति के साथ मतदान करने पहुंचें और पंक्ति में लगकर मतदान किया। मतदान करने के बाद भाजपा की चौकी पर भूपेश चौबे कुछ देर रुके और अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाया।
विधानसभा क्षेत्र में दूसरे बड़े मतदान स्थल आदर्श इंटरमीडिएट कालेज पर जिलाधिकारी टीके शिबू और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह पहुंचें और निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने किसी भी गड़बड़ी की सूचना देने, मतदाताओं के सुविधाओं का ध्यान रखने और विकलांगजन का विशेष ख्याल करने के निर्देश दिये।