हमीरपुर, 06 मार्च (हि.स.)। हमीरपुर शहर के मेरापुर स्थित संग महेश्वर मंदिर के बगीचे में लगे चंदन के एक पेड़ को चोरों (तस्कर) ने काट डाला। पेड़ काटे जाने की आहट लगने पर पुजारी की नींद खुल गई। ललकारने पर चोर बिना पेड़ लिए भाग गए। रविवार को पुजारी ने कोतवाली में तहरीर दी है।
यमुना नदी किनारे बीहड़ी क्षेत्र में संगमहेश्वर का मंदिर है। मंदिर परिसर में एक बाग है। जिसमें कटहल, आम, नीम के अलावा बेशकीमती चंदन के पेड़ हैं। चोरों ने चंदन के एक बड़े पेड़ की एक शाखा को काट लिया। इसके बाद वह पूरे पेड़ को काटकर ले जाने की फिराक में थे। तभी आहट पाकर पुजारी भारतदास की नींद खुल गई। जिस पर पुजारी ने ललकारा। तभी चोर भाग गए। पुजारी ने बाग व मंदिर का निरीक्षण किया। जिसमें चंदन का पेड़ कटा मिला। कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब हो कि, इसके पूर्व चार बार चोर चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर ले गए हैं। जिसका कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। मगर अभी तक इन चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ है।