उज्जैनः शहर के वनस्टॉप सेन्टर का परिवेश बहुत अच्छा हैः केन्द्रीय सचिव पाण्डेय

Share

उज्जैन, 05 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव इंदीवर पाण्डेय ने शनिवार को उज्जैन प्रवास के दौरान ऋषि नगर एक्सटेंशन स्थित वनस्टॉप सेन्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वनस्टॉप सेन्टर का पूरा परिवेश बहुत अच्छा है। सेन्टर में इंतजाम काफी अच्छे हैं। यहां के स्टाफ की स्ट्रेंथ भी पूरी है। सेन्टर का स्टाफ मोटिवेटेड है और आशा है कि भविष्य में भी बहुत अच्छा कार्य करता रहेगा। श्री पाण्डेय ने सेन्टर के समस्त स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ही सेवा करते रहें।

पाण्डेय ने कहा कि उक्त वनस्टॉप सेन्टर काफी अच्छा चल रहा है। यहां परिवार परामर्श केन्द्र के दो काउंसलर भी हैं। उक्त केन्द्र में 10 बेड हैं। किचन, वॉशरूम की भी व्यवस्था है। उन्होंने सेन्टर के स्टाफ से पूछा कि पुलिस और अस्पताल के साथ सेन्टर का उचित समन्वय है कि नहीं। इस पर जानकारी दी गई कि महिला बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस और अस्पताल के साथ काफी अच्छा सामंजस्य स्थापित कर कार्य किया जा रहा है।

पाण्डेय ने उज्जैन जिले के लिंग अनुपात की जानकारी प्राप्त की। गौतम अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उज्जैन जिले का लिंग अनुपात 954 प्रति हजार है। पाण्डेय ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र और स्वास्य्न विभाग आपसी समन्वय से अच्छा कार्य करें। जिले में गर्भावस्था के दौरान महिला की उचित देखभाल की जाये। उनके खानपान का विशेष ध्यान रखा जाये।

पाण्डेय ने कहा कि नवजात शिशु कुपोषण से ग्रस्त नहीं होना चाहिये। इस हेतु सभी निरन्तर प्रयास करते रहें। धात्री माता और नवजात का समय-समय पर चेकअप हो। आंगनवाड़ी केन्द्रवार, ग्राम पंचायतवार देखें कि कितने कुपोषित बच्चे हैं। स्व-सहायता समूह के द्वारा ऐसे बच्चों को चिन्हांकित करने में सहायता ली जाये। नई पीढ़ी स्वस्थ हो, मंदबुद्धि न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखें। माता और नवजात के भोजन में पोषण की कमी नहीं होनी चाहिये। जन्म के बाद दो साल तक बच्चे के मस्तिष्क का विकास बहुत तेजी से होता है। इन दो वर्षों में विशेष ध्यान दिया जाना बेहद जरूरी है। पोषण आहार के साथ-साथ स्तनपान पर भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि आगामी 21 मार्च से 28 मार्च तक स्वस्थ बालक कॉम्पीटिशन सरकार द्वारा आयोजित की जायेगी। जो बच्चे आंगनवाड़ी केन्द्रों तक नहीं आ पा रहे हैं, उनकी सतत निगरानी की जाये।

पाण्डेय ने आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया

केन्द्रीय सचिव इंदीवर पाण्डेय ने शनिवार को उज्जैन के विक्रम नगर स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जानकारी दी गई कि वर्तमान में आंगनवाड़ी केन्द्र में नौ गर्भवती महिलाएं और 12 धात्री महिलाएं हैं। तीन से छह वर्ष के कुल 42 बच्चे इस केन्द्र में हैं, जो रोजाना आते हैं। इन बच्चों को केन्द्र में कई गतिविधियां मानसिक और शारीरिक विकास के लिये कराई जाती है।

पाण्डेय ने कार्यकर्ता और सहायिकाओं से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है। इस पर उन्होंने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं है। बच्चों की हाईट और वेट नापने के लिये केन्द्र में आवश्यक उपकरण मौजूद हैं। बच्चों को दूध में मोरविटा मिलाकर दिया जाता है, जिससे उनके वजन में अच्छी बढ़ौत्री हो रही है। यह एक वण्डर फूड है। सचिव पाण्डेय ने केन्द्र में स्थित सभी बच्चों का आधार वेरिफिकेशन करवाये जाने के निर्देश दिये। पाण्डेय ने अंकुर अभियान के अन्तर्गत आंगनवाड़ी केन्द्र में पौधारोपण किया। उन्होंने केन्द्र में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

इस दौरान कलेक्टर आशीष सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास गौतम अधिकारी, सहायक संचालक साबिर अहमद सिद्धिकी एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।