मंदसौर 5 मार्च (हि.स.)। 28 फरवरी 2022 को शामगढ के असावती में मिली लाश के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया हे। मामले में बेटे ने ही अपने पिता को मौत के घाट उतारा था।
शनिवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि मामले में जांच टीम गठित कर मृतक दुलेसिंह पिता पुरसिंह जाति सौंधिया राजपूत उम्र 60 वर्ष निवासी असावती के सम्बन्ध में विभिन्न पहलुओं जानकारी जुटाई गई। इस दौरान पता चला कि दुलेसिंह की हत्या का आरोपी उसका बेटा है जो अपने पिता से काफी दिनों से नाराज चल रहा था। आरोपी गुमानसिंह उसके बेटे दिलीपसिंह की सगाई बार बार टूट जाने की वजह मृतक दुलेसिंह की गलत हरकतों को मानता था। मृतक आरोपी व्दारा काफी समझाने पर भी अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहा था तथा अन्य महिलाओं से संबंध स्थापित कर फिजूल खर्च कर घर परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल कर रहा था। फसल बीमा के रुपयों के लेन देन को लेकर भी 27.02.2022 को दरम्यानी रात मृतक दुलेसिंह एवम् गुमानसिंह के बीच घर पर झगडा हुआ था। जिसके बाद आरोपी गुमानसिंह रात्रि करीबन 11.30 बजे खेत पर सिंचाई करने चला गया था। रात्रि में करीबन 03.30 बजे के लगभग जब मृतक दुलेसिंह अपने खेत पर बनी पडार पर गहरी नींद में सो रहा था तब आरोपी गुमानसिंह व्दारा जप्तशुदा कुल्हाड़ी से सिर पर लगातार तीन वार कर घटना को अंजाम दिया गया।
श्री सुजानिया ने बताया कि जब पुलिस को बेटे पर शक हुआ और पुलिस ने आरोपी गुमानसिंह से पूछताछ की तो उसने घटना कारित करना स्वीकार कर लिया।