देवरिया,05 मार्च (हि.स.)। जिले में शांतिपूर्ण मतदान के बाद अब जिला प्रशासन मतगणना की तैयारी जुट गया है। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज और सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल में होने वाले मतगणना कार्य के लिए 126 टेबिल लगायी जायेगी। सुरक्षा की दृष्टि से स्थल पर केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ स्थानीय पुलिस की तैनाती रहेगी।
जनपद में दस मार्च को मतगणना होगी। इसके लिए विधानसभावार टेबिल निर्धारित कर दिए गए हैं। जिले की सातों विधानसभा सीटों की मतगणना के लिए कुल 126 टेबिल बने हैं। मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 14-14 टेबिल लगेंगे। साथ ही (ईटीबीपीएस) सर्विस वोटरों के लिए प्रत्येक विधानसभा में दो-दो टेबिल व पोस्टल बैलट से पड़े मतों की गणना के लिए विधानसभा वार 1-1 टेबिल लगेंगे। इसके अलावा सातों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अफसरों के लिए कुल सात टेबिल लगेंगे। सातों विधानसभा क्षेत्रों में चक्रवार रुद्रपुर में 27 देवरिया व पथरदेवा में 29-29 रामपुर कारखाना में 30, भाटपार रानी में 29, सलेमपुर में 28 व बरहज में 27 राउंड मतगणना होगी।
मतगणना के लिए स्थल निर्धारित
देवरिया विधानसभा के मतगणना केन्द्र स्थल के लिए देवरिया सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल के टीन शेड हाल नम्बर एक दक्षिणी व टीन शेड हाल नम्बर दो उत्तरी निर्धारित है। पथरदेवा के लिए देवरिया सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल के कम्प्यूटर लैब के बरामदे से रुम नम्बर 18 के बरामदे तक हाल नम्बर तीन व चार निर्धारित है। विधानसभा रामपुर कारखाना के लिए देवरिया सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल के डायरेक्टर आफिस के बरामदे से रुम नम्बर चार के बरामदे तक व हाल नम्बर पांच व छह निर्धारित है।
इसी प्रकार विधानसभा रुद्रपुर के लिए मतगणना केन्द्र स्थल के लिए महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के स्टाफ रुम के बरामदे से रुम नम्बर चार के बरामदे तक हाल नम्बर 01 व 02 निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार भाटपाररानी के लिए महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के मतगणना केन्द्र स्थल रुम नम्बर 01 के बरामदे से एनसीसी रुम के बरामदे तक हाल नम्बर 03 व 04 निर्धारित है। सलेमपुर के लिए महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के केमेस्ट्री लैब के बरामदे से स्टेयर रुम के बरामदे तक हाल नम्बर 05 व 06 निर्धारित है। विधानसभा बरहज के मतगणना स्थल के लिए महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के लेक्चरर रुम नम्बर 05 के बरामदे से कामन रुम के बारामदे तक हाल नम्बर 07 व 8 निर्धारित है।
मतगणना परिसर में मोबाइल पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। यही नहीं रिटर्निंग ऑफिसर के भी मोबाइल स्विच ऑफ रखेगें। आवश्यकता पड़ने पर वह अपने मोबाइल को ऑन करेंगें। मीडिया के लिए अलग गैलरी बनेगी।