लखीमपुर खीरी, 05 मार्च (हि.स.)। फूलबेहड़ क्षेत्र के खमरिया गांव में शुक्रवार देर रात खेत की रखवाली कर रहे युवक को गांव के चार लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार बीती देर रात फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में खेत बचाने गए युवक वीरु (21) को गांव के ही चार लोगों ने लाठी से पीट-पीटकर घायल कर दिया, घायल अवस्था में परिजनों ने वीरू को अस्पताल में भर्ती कराया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने तहकीकात कर शनिवार को शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मामा त्रिमोहन ने बताया कि वीरू देर रात को खेत की रखवाली कर रहा था। उसी दौरान खमरिया गांव के वीर बाबा स्थान के पास गांव के ही निवासी आपस में विवाद कर रहे थे। वीरु ने विवाद कर रहे गांव के लोगों को समझा-बुझाकर बीच बचाव कराया और अपने खेत में चला गया। खेत से वापस आते समय रात करीब 09.30 बजे लाठी-डंडे लेकर घात लगाए बैठे मुनीजर, अखिलेश, अमित और अमित के जीजा उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे वीरू घायल हो गया। परिजन वीरू को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया था। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
फूलबेहड़ एसओ ने बताया कि घटना की तहरीर परिजनों द्वारा अभी नहीं दी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।