आने वाली सदी महिलाओं के हाथ में : श्रीनिवासन

Share

—भाजपा महिला अध्यक्ष ने नौकाओं के साथ पार्टी प्रत्याशियों का किया प्रचार

वाराणसी, 05 मार्च (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन शनिवार को पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं केे साथ नौका रैली निकाली। इसके बाद भदैनी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मस्थली पर जाकर विशाल मूर्ति पर पुष्प अर्पित किया। उन्होंने कहा कि आने वाली सदी महिलाओं के हाथ में होगी।

इस दौरान उन्होंने केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख कर कहा कि इससे देश में महिलाओं को सिर उठाकर सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार मिला। उन्होंने योजनाओें के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि महिलाएं भाजपा सरकार के साथ खड़ी हैं। उन्होंने प्रदेश विधानसभा चुनाव में पुन: भाजपा सरकार बनाने के लिए महिलाओं को आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस सांकेतिक नौका यात्रा में देश भर से आई महिला शक्ति ने भाग लिया। हमारी भाजपा सरकार उस नैया की तरह है, जिसमें महिलाओं की प्रगति से जुड़े विषयों को समायोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार में महिलाओं से जुड़े प्रगति के हर विषय पर लगातार काम हो रहा है और आगे भी होता रहेगा।

महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष विजया रहाटकर, उत्तर प्रदेश चुनाव सह प्रभारी काशी क्षेत्र सरोज पांडेय ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के चलते महिलाएं सड़क पर सुरक्षित हैं। नौका यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष सांसद गीता शाक्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी रेखा गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, डॉ कृतिका अग्रवाल आदि भी शामिल रही।