देहरादून :- ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने को लेकर एक बैठक हुई। बैठक में उम्मीदवारों के लिए पृथक बैंक खाता खोले जाने एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान के संबंध में बैंकों के प्रबंधकों के साथ विचार विमर्श किया गया।
इस बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी ने बताया कि बैंक प्रबन्धक निर्वाचन में प्रतिभाग करने वाले प्रत्याशियों को नामांकन से पूर्व पृथक से चालू बैंक खाता खोला जाना आवश्यक है, जिससे सभी निर्वाचन सम्बन्धी खर्चें एवं अनुदान प्राप्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन में प्रतिभाग करने वाला प्रत्याशी किसी एक व्यक्ति/फर्म को निर्वाचन अवधि के दौरान एकबार 10 हजार तक की धनराशि ही नकद भुगतान कर सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि किसी व्यक्ति एवं फर्म को 10 हजार नकद भुगतान करने की समय-सीमा पूर्ण होने के उपरान्त सम्बन्धित पार्टी से अन्य लेनदेन चेक एवं ड्रफ्ट के माध्यम से किए जाएंगे। इसी तरह बैंक खातों से 10 हजार की धनराशि तक नकद जमा एवं निकासी की जा सकती है। इससे अधिक की धनराशि का लेनदेन चैक अथवा डिमाण्ड ड्राफ्ट के माध्यम से ही किया जाएगा। इसी प्रकार राजनैतिक पार्टियों के एक लाख से अधिक की धनराशि जमा करने एवं निकासी की सूचना नोडल अधिकारी व्यय को अवश्य दी जाएगी।
बैठक में नोडल अधिकारी व्यय/मुख्य कोषाधिकारी रोमिल चौधरी ने समस्त बैंक प्रबन्धकों को निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों एवं राजनीतिक दलों के लेनदेन की सूचनाओं की जानकारी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नितिका खण्डेलवाल, अपर जिलाधिकारी वि/रा के.के मिश्रा, संयुक्त मजिस्टेज्ट आकांक्षा सिंह, एसडीएम अभिषेक व्यास, उप कोषाधिकारी राजीव गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पी.एस रावत सहित बैंकों के प्रबन्धक उपस्थित थे।