CDS जनरल बिपिन, इंदिरा, राहुल के पोस्टर विजय सम्मान रैली के आकर्षण

Share

देहरादून :- बांग्लादेश निर्माण के युद्ध में पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय की 50वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस की ओर से परेड मैदान पर कांग्रेस की विजय सम्मान रैली में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, इंदिरा गांधी और राहुल गांधी के बड़े बड़े पोस्टर रैली का मुख्य आकर्षण बन रहे थे। मैदान के ऊपर राहुल गांधी के बड़े-बड़े चित्रयुक्त गुब्बारे भी सजाए गए थे।

देहरादून स्थित परेड मैदान की विजय सम्मान रैली में शामिल होने के लिए सुबह से ही कार्यकर्ता शहर में जुटने लगे थे। दोपहर 12 बजे तक मैदान पर हजारों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। मैदान में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, इंदिरा गांधी के साथ राहुल गांधी के बड़े पोस्टर मंच से कुछ फीट दूरी पर लगाए गए थे। यह पोस्टर रैली का मुख्य आकर्षण का केन्द्र बना हुआ था। रैली में आने वाला हर कार्यकर्ता यहां खड़े होकर सेल्फी ले रहा था।

मंच के दोनों तरफ डिस्प्ले के माध्यम से महंगाई, कई लाख का सूट, मीडिया का असली चेहरा, जनता, खाली जेब टटोलते, युवा, बेरोजगार जैसे स्लोगन के माध्यम से भाजपा सरकार की विफलताओं को बताने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के फोटो के ऊपर भगवा रंग के पताके से मंच के बगल में बड़ा पोस्टर लगाया गया।

मंच पर कांग्रेस प्रभारी देवेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत,नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य,काजी निजामुद्दीन के अलावा,पूर्व सैनिक मंच पर उपस्थित रहे।