देवस्थानम बोर्ड भंग करने पर अभा संत समिति ने जताया सीएम का आभार

Share

हरिद्वार :- अखिल भारतीय संत समिति एवं श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल ने देवस्थानम बोर्ड भंग करने के सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

कनखल स्थित निर्मल अखाड़ा में मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए समिति के प्रदेश अध्यक्ष और श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने कहा कि आदि अनादि काल से मठ मंदिरों एवं सिद्ध पीठों का संचालन व प्रबंधन संत समाज या तीर्थ पुरोहितों द्वारा ही किया जा रहा है। सदियों से चल रही इस परंपरा को बदलना उचित नहीं है। धार्मिक संस्थाओं के धन का उपयोग सामाजिक कार्यों और मठ मंदिरों के जीर्णोद्धार, सौन्दर्यीकरण में ही किया जाना चाहिए।

महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड भंग करने पर अखाड़ा परिषद की ओर से जल्द ही कार्यक्रम का आयोजन कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। संत समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष महंत अरुण दास महाराज ने कहा कि धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार के साथ संत समाज सामाजिक सेवाओं में भी योगदान कर रहा है। देवस्थानम बोर्ड भंग कर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक फैसला किया है।

निर्मल अखाड़े की एक्कड़ कलां शाखा के महंत अमनदीप सिंह महाराज ने कहा कि मठ मंदिरों, पौराणिक सिद्ध पीठों, आश्रम अखाड़ों के माध्यम से ही सनातन संस्कृति एवं परंपरांओं को निर्वहन देश दुनिया में किया जा रहा है।

इस अवसर पर महंत सुखजीत सिंह, महंत अमनदीप सिंह, संत सुखप्रीत सिंह, महंत निर्भय सिंह, संत गज्जन सिंह ज्ञानी, महंत खेम सिंह, संत जसकरण सिंह, संत हरजोध सिंह, संत विष्णु सिंह आदि संतजन उपस्थित रहे।