डबल इंजन की सरकार के लिए जनप्रतिनिधियों को विशेष प्रयास करना है : प्रह्लाद जोशी

Share

– अबकी बार 60 के लक्ष्य को प्राप्त करना है : मदन कौशिक

देहरादून :- जन प्रतिनिधियों को चुनावी दृष्टि से विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है। चुनाव का वातावरण भाजपा के पक्ष में है अपने प्रवास के दौरान यह सब मैंने देखा भी है कि जनता भाजपा को ही चाहती है। ऐसे में जन प्रतिनिधियों का विशेष दायित्व है कि वह जनता को और प्रोत्साहित कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएं। यह विचार भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने व्यक्त किए।

प्रह्लाद जोशी भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को बैठक के दौरान जन प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष, महपौर, नगर पालिका अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख आदि जन प्रतिनिधियों से चर्चा की तथा उनके विचार भी जाने। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह चुनाव प्रभारी लॉकेट चाटर्जी, सरदार आरपी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मीडिया का सर्वे भी यह दिखा रहा है कि भाजपा अन्य दलों से काफी मजबूत है और सरकार बना रही है। उन्होंने कहा कि सभी को कार्यकर्ताओं के साथ बूथ स्तर तक जाकर परिश्रम के साथ जुटना है। यह तब तक जारी रहना चाहिए जब तक मतदान न हो जाए। हम सबको इस संदर्भ में विशेष सचेत रहना है और जनता से अपने कार्यों का हवाला देते हुए चर्चा भी करनी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्थानीय निकायों का विशेष महत्व है। नगर पालिका, नगर निगम, जिला पंचायत और विकास खंडों में लगातार जनहित में धरातल पर कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। ऐसे में हम सबको भी सचेत और सचेष्ट रहना है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में हमें सम्पर्क की गति और तेज करनी होगी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए जीत महत्वपूर्ण है और जनता के बल पर होगी।

चुनाव प्रभारी जोशी ने कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास भारतीय जनता पार्टी का महत्वपूर्ण प्रयास है। उसके अलग-अलग क्षेत्रों में चुने हुए जन प्रतिनिधियों ने सार्थक प्रयास किया है जिसका लाभ जनता को मिला है। जनता हमारे पक्ष में है। केवल उसे प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। इस कार्य में चुने हुए जन प्रतिनिधियों की विशेष और महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हमारे जन प्रतिनिधियों ने जो काम किया है उसकी चर्चा उदाहरण के रूप में अन्य राज्यों में होती है। उत्तराखंड देवी-देवताओं का धार्मिक स्थल है जहां कंकर-कंकर में शंकर की परिकल्पना है। पूरे विश्व के लोग यहां इन देवी-देवताओं और अध्यात्म के दर्शन के लिए आते हैं। इसके लिए केन्द्र और राज्य दोनों सरकारों ने डबल इंजन के रूप में ऐतिहासिक कार्य किया है।

उन्होंने चारधाम में बनने वाली ऑल वेदर रोड की चर्चा करते हुए कहा कि यह सर्व मौसमी सड़कें दिशा परिवर्तन का काम करेंगी। इनका राज्य की सांस्कृतिक और आर्थिक पर विशेष प्रभाव पड़ेगा।

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लिए आप सभी कार्यकर्ताओं के साथ डबल इंजन की सरकार की पुनरावृत्ति जरूरी है। कांग्रेस ने हमेशा जन भावनाओं को आहत किया है। भ्रष्टाचार का खेल खेला है। ऐसे में जनता को इसका स्मरण कराते रहना चाहिए। केवल भाजपा ने उत्तराखंड का विकास किया है और कर सकती है। भाजपा प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र सरकार की बहुआयामी योजनाओं रसोई गैस, स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड, स्वच्छ भारत, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ जल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने इन कामों को जनहित में किया है। यही कारण है कि हमारे पक्ष में जनता के बीच अनुकूल स्थिति है।

उन्होंने कहा कि हम सब जनता को साथ लेकर जनहित में कराए गए कामों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने साथ जोड़ें तथा उनको लक्षित करते हुए मतदान को प्रेरित करें। यह हमारी पार्टी की जीत के लिए आवश्यक है।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इस अवसर पर कहा कि 2017 की जनप्रतिनिधि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे, जिनका उपयोग चुनावी वर्ष में हुआ था। अब 2022 में होने वाले चुनाव में हम सबको बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करनी है। ऐसे में हम सब जनप्रतिनिधियों को घर-घर जाकर जनता से जुड़े कार्यक्रमों में जनता को जोड़ने का कार्य करना है। सभी जनप्रतिनिधि 2022 में ‘अबकी बार 60 पार’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ें, यह हमारे लिए महत्वपूर्ण होगा। अपने-अपने क्षेत्रों में विजय प्राप्त करने के लिए समाज को जागरू करने का काम हम सबको करना है।