दिव्य और भव्य होगा अमृत महोत्वस : नेहा जोशी

Share

देहरादून :- भारतीय जनता युवा मोर्चा देश की 75वीं वर्षगांठ को उल्लासपूर्वक मनाएगा। इस अमृत महोत्सव के लिए संगठन ने विशेष तैयारी की है। यह दिव्य और भव्य होगा। यह जानकारी भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने पत्रकार सम्मेलन में शुक्रवार को दी।

पत्रकार वार्ता का संचालन भारतीय जनता युवा मोर्चा के हरजीत ने किया। मंचासीन अतिथियों में संजीव और मनोज पटवाल शामिल रहे। कुलदीप कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर को अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। भारतीय युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के हवाले से जानकारी दी गई कि पूरे देश में युवा संकल्प यात्रा, एक दौड़ देश के नाम जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। उत्तराखंड के सभी 252 सांगठनिक मंडलों में भाजयुमो की ओर से यह दौड़ आयोजित की जायेगी। हर जनपद में 75 किलोमीटर की दौड़ पूरी होगी। 75वीं वर्षगांठ पर जहां से यह आयोजन प्रारंभ होगा और जहां पर समापन होगा विशेष आयोजन किया जाएगा। समापन स्थल पर कम से कम 75 लोग राष्ट्रगान का गायन करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से फिट इंडिया का नारा दिया गया है। उन्होंने कहा है कि प्रतिदिन हम कुछ दूर पैदल चलें, साइकिल चलाएं इसके लिए हर युवा से आग्रह किया जा रहा है कि वह इस कार्यक्रम में विशेष सहयोग दें। उन्होंने कहा कि लोकल फॉर वोकल तथा आत्मनिर्भर भारत दो ध्येय वाक्य लेकर युवा मोर्चा की ओर से जागरण अभियान चलाएगा तथा आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उत्पादों के प्रति लगाव जैसे विषयों पर चर्चा होगी। अमृत महोत्सव का आयोजन अमृत महोत्सव जैसा ही किया जाए। इसके लिए भारतीय युवा मोर्चा तथा भारतीय जनता पार्टी दोनों विशेष रूप से प्रयासरत है।

भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने कहा है कि सबका सहयोग लेकर इन कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। सबसे भव्य और दिव्य आयोजन इस अमृत महोत्सव पर किया जाएगा। समाज के साथ-साथ इन आयोजनों में एनएसएस और एनसीसी जैसे संगठनों के बच्चों को भी जोड़ा जाएगा ताकि आयोजन श्रेष्ठ और एक कीर्तिमान बने।

हरजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक मंडल में 3 से 10 किलोमीटर तक दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से समाज के सभी लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा ताकि हम सब मिलकर एक सक्षम और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सके।