देहरादून/नई दिल्ली :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने सिंह से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन (ब्राडगेज) की स्वीकृति के लिए रक्षा मंत्रालय से संस्तुति के अलावा जखोली, रुद्रप्रयाग में स्वीकृत सैनिक स्कूल की अवस्थापना सुविधाओं के लिए एमओयू में संशोधन करने हुए केन्द्रीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य के क्षेत्रीय, सामाजिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन के विकास और सामरिक महत्व को देखते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर-बागेश्वर नैरोगेज रेलवे लाइन के सर्वे का आदेश निर्गत किया है। नैरोगेज से न तो सामरिक महत्व के मसले हल होंगे और न ही यातायात की आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। यह लाइन ब्राडगेज होनी चाहिये। चीन और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट होने के कारण इस रेल लाइन का सामरिक महत्वपूर्ण है। यह नए व्यापार केंद्रों को जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कि उत्तराखंड में एक अतिरिक्त सैनिक स्कूल जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग में खोले जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए रक्षा मंत्रालय और उत्तराखण्ड के मध्य एमओयू हो चुका है। सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए उत्तराखंड को अवस्थापना संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करानी थी। राज्य के सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए एमओयू में संशोधन किया जाए। उन्होंने अवस्थापना विकास के लिए वित्तीय सहायता केंद्र से उपलब्ध कराने का आग्रह किया।