जयपुर, 26 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने कॉलेज शिक्षा के लिए तीस विषयों के लिए निकाली गई असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती- 2025 का अंतिम परिणाम जारी करने पर लगी अपनी रोक को हटा लिया है। इसके साथ ही अदालत ने याचिकाकर्ता को चयन प्रक्रिया में शामिल करने के आदेश देते हुए जारी होने वाले परिणाम को याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रखा है। जस्टिस अनूप कुमार की एकलपीठ ने यह आदेश संजय व अन्य की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।
सुनवाई के दौरान आरपीएससी की ओर से परिणाम जारी करने पर लगी रोक को हटाने के लिए प्रार्थना पत्र पेश किया। जिसमें कहा गया कि सामान्य ज्ञान का प्रश्न पत्र सभी विषयों में समान होने के चलते सभी विषयों के 992 पदों पर भर्ती बाधित हो गई है। भर्ती लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा के बाद अंक सार्वजनिक करने से इसकी गोपनीयता भंग होती है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट भी तय कर चुका है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने से पहले लिखित परीक्षा के अंक सार्वजनिक नहीं किए जा सकते। ऐसे में परिणाम जारी करने पर लगी रोक को हटाए जाए। जिस पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ ने रोक को हटाते हुए याचिकाकर्ता को चयन प्रक्रिया में शामिल कर परिणाम को याचिका के अधीन रखा है।
याचिका में अधिवक्ता रामप्रताप सैनी ने अदालत को बताया कि आरपीएससी ने 18 सितंबर, 2025 को अंग्रेजी सहित कुल 30 विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती निकाली थी। याचिकाकर्ता ने परीक्षा के बाद जारी मॉडल उत्तर कुंजी के खिलाफ आरपीएससी में आपत्ति दर्ज कराई थी। जिसमें सामान्य ज्ञान के 15 प्रश्नों और अंग्रेजी विषय के 7 प्रश्नों के जवाब को चुनौती दी गई। याचिका में कहा गया कि भर्ती एजेंसी ने इन आपत्तियों को निस्तारण नहीं किया और अंतिम उत्तर कुंजी जारी किए बिना ही साक्षात्कार आरंभ कर दिए। जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने गत 9 सितंबर को भर्ती का परिणाम जारी करने पर रोक लगा दी थी।
