संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, खूंटी में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा ), नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के दिशा-निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी रसिकेश कुमार उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संवैधानिक सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना था। इस दौरान उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी-सह-रजिस्ट्रार विद्यावती कुमारी ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। साथ ही उपस्थित सभी न्यायिक पदाधिकारियों थाैर न्यायालय कर्मियों को संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय खूंटी के सभी न्यायिक पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के प्रभारी सचिव अर्जुन साव सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
