नई दिल्ली, 26 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को पैकेटबंद खाद्य और पेय पदार्थों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम करने के लिए बड़ा फैसला सुनाया है। जस्टिस जेबी पारदीवाला की अध्यक्षता वाली बेंच ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) को निर्देश दिया है कि अधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले उत्पादों पर ‘फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग’ (एफओपीएनएल) के नियमों को जल्द अंतिम रूप दिया जाए। मामले की अगली समीक्षा 10 सप्ताह बाद निर्धारित की गई है।
न्यायालय ने स्पष्ट किया कि एफओपीएनएल में केवल ‘एडेड शुगर’ और ‘एडेड फैट’ के बजाय ‘कुल चीनी’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ को मुख्य चिंता वाले पोषक तत्वों के रूप में दर्शाया जाए। बेंच ने कहा कि नमक के साथ-साथ कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को ही आधार बनाना स्वास्थ्य की दृष्टि से जरूरी है। न्यायालय ने यह भी रेखांकित किया कि यह रुख डीजीआई 2024 से पहले एफएसएसएआई में बनी पूर्व सहमति के अनुरूप है।
निर्देशों के तहत निर्धारित सीमा से अधिक नमक, चीनी या सैचुरेटेड फैट वाले उत्पादों के पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था की जाएगी। न्यायालय ने कहा कि एफओपीएनएल के तहत प्रत्येक हेक्सागन में पोषक तत्व के मानक चित्र के साथ ‘हाई फैट’, ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्ट’ जैसे स्पष्ट संकेत होने चाहिए।
न्यायालय ने चेताया कि चेतावनी की सीमा तय करते समय वैज्ञानिक तथ्यों और शोध का ध्यान रखा जाए। यदि सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर पैकेट पर चेतावनी दिखेगी और लोग उसे गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं, वहीं सीमा बहुत अधिक रखने पर कई हानिकारक उत्पाद चेतावनी से बच निकलेंगे।
