नई दिल्ली, 26 नवंबर । तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर ‘दीपाथून’ स्तंभ में ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन नहीं होने का मामला अब न्यायालय की अवमानना तक पहुंच गया है। मूल याचिकाकर्ता रामा रविकुमार ने उच्चतम न्यायालय में अवमानना याचिका दायर कर यह खुलासा करने की मांग की है कि क्या तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय या उनके किसी मंत्री ने आदेश को लागू नहीं करने के निर्देश दिए थे।
जस्टिस अरविंद कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष गुरुवार को इस याचिका का उल्लेख किया गया। बेंच ने इसे सूचीबद्ध करने की अनुमति देते हुए शुक्रवार यानि 27 नवंबर को सुनवाई तय की है।
याचिकाकर्ता ने राज्य के मुख्य सचिव से व्यक्तिगत हलफनामा मांगने का अनुरोध किया है, ताकि निर्णय प्रक्रिया और इसमें मुख्यमंत्री या मंत्रियों की भूमिका स्पष्ट हो सके। इसके साथ ही 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने के आरोप में मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, एचआर एंड सीई आयुक्त और पांच मंदिर ट्रस्टियों सहित कुल 11 अधिकारियों व पदाधिकारियों पर अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई है। याचिका में संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत, मौजूदा तमिल महीने ‘कार्तिगई’ में अगले सात दिनों के भीतर केंद्रीय बल और कोर्ट कमिश्नर की निगरानी में दीप जलाने के लिए नई तारीख तय करने की अपील भी की गई है।
उच्चतम न्यायालय ने 20 नवंबर को एक अंतरिम आदेश के तहत 24 नवंबर को ‘दीपाथून’ पर सीमित टीम के जरिए दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन 24 नवंबर को वहां दीप नहीं जलाया गया। जिला कलेक्टर ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि प्रशासन की तैयारी के बावजूद मंदिर के न्यासी बोर्ड ने धार्मिक परंपराओं का हवाला देकर टीम को अधिकृत करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद यह अवमानना याचिका दायर की गई है।
