भुवनेश्वर, 24 नवंबर । क्षेत्रीय खेल सहयोग और कूटनीतिक संबंधों को मजबूती देने की दिशा में बुधवार से भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में पहली बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप शुरू होगी। 25 से 27 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में मेजबान भारत सहित छह देशों के 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। तीन दिवसीय आयोजन में 32 पदक स्पर्धाएं होंगी, जिनमें पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धाएं समान रूप से शामिल हैं।
प्रतियोगिता में भारत के अलावा बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, श्रीलंका और म्यांमार के खिलाड़ी भाग लेंगे। भारत 70 सदस्यीय दल उतारेगा, जिसका चयन हाल में लुधियाना में आयोजित अंडर-23 इंडियन ओपन और चेन्नई में हुई जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। श्रीलंका के 59, बांग्लादेश के 36 और नेपाल के 31 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
भारतीय दल में 2026 एशियाई अंडर-23 चैंपियनशिप के कई पदक विजेता भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। इनमें खेलो इंडिया के खिलाड़ी और चक्का फेंक स्पर्धा के प्रतिभागी भरतप्रीत सिंह तथा प्रिया प्रमुख हैं। इसके अलावा 2026 एशियाई जूनियर चैंपियनशिप की त्रिकूद रजत पदक विजेता साधना रवि और 2023 एशियाई युवा चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ के रजत पदक विजेता राहुल सरनालिया पर भी नजरें रहेंगी।
ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया ने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने और आपसी संपर्क बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इस प्रतियोगिता से भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिलेगा। ओडिशा के चार खिलाड़ी भी अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। उन्होंने आयोजन का अवसर देने के लिए विदेश मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का आभार जताया।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ इस प्रतियोगिता का आयोजन विदेश मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से ओडिशा सरकार के साथ मिलकर कर रहा है। भारतीय खेल प्राधिकरण के उप निदेशक नरेंद्र उज्वल ने कहा कि युवाओं को प्रोत्साहित करना और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। भारत के 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए दावेदारी के संदर्भ में यह प्रतियोगिता महत्वपूर्ण है।
