बहराइच, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पयागपुर से पुरैना जाने वाले मार्ग पर कुशभौना गांव के पास बाइक सवार ने बुजुर्ग परमानंद शुक्ला को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल परमानंद को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पुरवा गुरचाही निवासी परमानंद शुक्ला पुत्र रंगनाथ शुक्ला के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।———–
