कोडरमा, 22 नवंबर । झारखंड की बेटी सपना शर्मा ने भारतीय नौसेना में अधिकारी पद हासिल कर अपने परिवार और राज्य को गौरवान्वित किया है। शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत उनका चयन सब-लेफ्टिनेंट (नवल एयर ऑपरेशन ऑफिसर) के पद पर हुआ है।
वे जल्द ही केरल स्थित एझिमाला नौसेना अकादमी में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से रामगढ़ के आदर्शनगर (बिजुलिया) कॉलोनी में खुशी की लहर है। सपना ने सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) की चुनौतीपूर्ण चयन प्रक्रिया को पहले ही प्रयास में पार कर यह मुकाम हासिल किया है।
खास बात यह है कि भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने वाली वह अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं। सपना के पिता विंग कमांडर संजीव शर्मा वर्तमान में सैनिक स्कूल तिलैया के उपप्राचार्य हैं, जबकि उनके दादा रवीन्द्र शर्मा वर्ष 1993 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।
सपना ने अपनी सफलता में दादा रवीन्द्र शर्मा और दादी आशा देवी के आशीर्वाद एवं माता-पिता से मिले संस्कार, प्रेरणा और राष्ट्रसेवा के भाव को महत्वपूर्ण बताया।
सपना की सफलता की खबर मिलते ही रामगढ़ स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
अपनी पोती की कामयाबी पर भावुक और गौरवान्वित दादा रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि सपना ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। उन्हें विश्वास है कि उनका परिवार और गांव आगे भी देश की सेना को युवा नेतृत्वकर्ता देता रहेगा।
सपना की यह उपलब्धि सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो देश की सेवा को अपना लक्ष्य बनाना चाहते हैं।
