राजपुरा ओसीपी में कोयला चोरों ने चोरी रोकने पर सुरक्षा कर्मी को पीटा, गुस्साए मजदूरों ने ठप कराया उत्पादन

Share

धनबाद, 20 नवंबर । ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) में कोयला तस्करों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। कोयला चोरी रोकने पर सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी पर एक महिला और पुरुष ने कथित तौर पर डंडे और मुक्कों से हमला कर दिया। इस घटना में सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित मजदूरों ने परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया है। वहीं, बीसीकेयू ने चेतावनी दी है कि आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राजपुरा परियोजना को बंद करा दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह सुरक्षाकर्मी दिलीप सतनामी बाइक से राजपुरा ओसीपी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिला और पुरुष ने डंडे और मुक्कों से उनकी पिटाई की, जिससे उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। बताया जा रहा है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि, छेड़छाड़ के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही परियोजना में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों में आक्रोश फैल गया। विरोध में मजदूरों ने सुबह से ही उत्पादन ठप करा दिया। मौके पर बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजपुरा परियोजना में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे पहले भी कोयला तस्करों की ओर से मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

खोखन रविदास ने स्पष्ट कहा कि जब तक राजपुरा प्रबंधन और गल्फरबाड़ी ओपी पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो पूरे राजपुरा परियोजना को बंद करा दिया जाएगा।

वहीं, मामले को लेकर कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने बताया कि परियोजना के सुरक्षा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट की है। आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। प्रबंधन की ओर से भी गल्फरबाड़ी ओपी में शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को निरसा की राजा कोलियरी में सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और बाइक छीनने की घटना सामने आई थी। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि राजपुरा ओसीपी में सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की घटना ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।