बिजनौर, 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में सांसद नगीना चंद्रशेखर ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील होकर कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाये तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रचार कराएं। इस अवसर पर सांसद बिजनौर चंदन चौहान के प्रतिनिधि विजय चौहान, विधायक चांदपुर स्वामी ओमवेश, जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद चन्द्रशेखर ने कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों के निस्तारण के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन लेने तथा जनप्रतिनिधियों व आमजन के फोन कॉल अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि किसानों ,श्रमिकों व आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर कराया जाए। सांसद चंद्रशेखर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि मरीज व तीमारदारों को बाहर से दवाई लेने के लिए सरकारी चिकित्सक न लिखें। जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग से संबंधित प्राप्त विभिन्न शिकायतों के निस्तारण के निर्देश भी विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। धामपुर में नगीना चौराहे पर हाईवे पर स्थित कट को आमजन की सुविधा के लिए थोड़ा पहले कट करने के लिए कहा। उन्होंने पर्यटन व वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि पर्यटन विभाग की तीर्थ यात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान अंतर्गत संचालित योजना जनपद बिजनौर में भी लागू होनी चाहिए। इसके लिए सक्षम स्तर पर संपर्क व पत्राचार किया जाए वह स्वयं भी इसके लिए प्रयास करेंगे।
बैठक में विधायक चांदपुर स्वामी ओमवेश ने चांदपुर के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य करने के लिए अधिकारियों से कहा। सांसद बिजनौर चंदन चौहान के प्रतिनिधि विजय चौहान ने सांसद जी के क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को रखा, उन्होंने कहा कि अधिकारी इनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराए। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने कहा कि बैठक के दौरान माननीय सांसद व अन्य जन प्रतिनिधियों ने जो दिशा निर्देश दिए है उनका पूर्णतः पालन किया जाये |
बैठक में अधिकारियाें ने जानकारी दी कि जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत चौथी स्कीम संचालित है, जिसमें पांच आबादी वाले मार्गों की डीपीआर व दो पुलों की डीपीआर भेजी गई थी, जिसमें से दो मार्गों की डीपीआर भारत सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। इसी प्रकार जी राम जी योजना में अब तक 835000 मानव दिवस अर्जित किए गए तथा 500 तालाबों को चिन्हित किया गया है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड हेतु 2600 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसकी पूर्ति कृषि विभाग द्वारा इसी माह कर दी जाएगी। बैठक में विभिन्न सरकारी याेजनाओं के प्रगति की समीक्षा भी की गयी।
बैठक के समापन पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की माता जी के देहावसान होने पर 2 मिनट का मौन भी रखा गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला वन अधिकारी सहित अन्य विभाग अधिकारी मौजूद रहे।
