बेकाबू कार ने दो वाहनों को मारी टक्कर, अपार्टमेंट के गेट से जा टकराई

Share

पूर्वी सिंहभूम, 20 नवंबर ।सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी दुर्गापूजा मैदान के समीप शुक्रवार को चालक की लापरवाही के कारण बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया।

अचानक तेज गति से अनियंत्रित हुई कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार को टक्कर मारी और इसके बाद अपार्टमेंट के मुख्य गेट को तोड़ते हुए बेसमेंट पार्किंग में जा घुसी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दोनों कारों के अलावा अपार्टमेंट के मुख्य गेट और गैरेज को काफी नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी कार चालक मुन्ना सफेद रंग की कार संख्या (जेएच-22-जी-7727) से बाराद्वारी स्थित एक अपार्टमेंट में किसी व्यक्ति को लेने पहुंचा था।

बताया गया कि कार को आगे बढ़ाने के दौरान अचानक उसका पैर एक्सीलेटर पर जोर से पड़ गया। इसके बाद कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और दुर्गापूजा मैदान की रेलिंग के समीप खड़ी लाल रंग की कार संख्या (जेएच-05-बीएच-9605) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि खड़ी कार के दोनों दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद चालक ने घबराहट में कार को पीछे करने का प्रयास किया। इस दौरान सफेद कार तेजी से पीछे की ओर गई और अपार्टमेंट के मुख्य गेट से टकराकर बेसमेंट पार्किंग में जा घुसी।

टक्कर से गेट के निचले हिस्से का एंगल टूट गया तथा गैरेज के गेट को भी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना में सफेद कार के आगे और पीछे चालक की तरफ का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बारिश के मौसम के कारण वह उस समय अपने सामान्य स्थान से कुछ अंदर हटकर बैठा था।

इसी वजह से वह कार की चपेट में आने से बच गया। सामान्य दिनों में वह गेट के बिल्कुल पास बैठता है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक दुर्घटना को लेकर चर्चा होती रही।