धमतरी : ‘अकवान’ चक्रवात ने बदला मौसम का मिजाज, सुबह से झमाझम बारिश, केंद्रों में धान खरीद बंद

Share

धमतरी, 20 नवंबर । दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में उठे अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। जिले में आज अलसुबह से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है।

बेमौसम बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खेतों में धान की कटाई-मिंजाई का काम प्रभावित हो रहा है, वहीं समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था भी मौसम की मार झेल रही है। अचानक हुई बारिश से किसानों के साथ-साथ आम नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार सभी धान खरीदी केंद्रों में शुक्रवार को धान खरीदी बंद की गई है।

बारिश के चलते कवेलू पोश मकानों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण घरों की छतों से पानी टपकने लगा है, जिससे लोगों को फिर से मरम्मत कराने की चिंता सताने लगी है। लालबगीचा, बनियापारा, औद्योगिक वार्ड, अधिकारी नवागांव, महिमासागर सहित कुछ निचली बस्तियों में हल्की बारिश के बाद भी जलजमाव की स्थिति निर्मित हो रdही है। कई स्थानों पर निकासी नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। चौक-चौराहों पर जमा कचरे के ढेर भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।

जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू हो चुकी है। जिले के 108 धान खरीद केंद्रों में खरीद का काम जोर-शोर से चल रहा है। इस बीच अकवान’ चक्रवात के प्रभाव से हो रही बारिश ने खरीद व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। अधिकांश खरीद केंद्रों में धान को भीगने से बचाने के लिए समिति प्रबंधकों और केंद्र प्रभारियों को तिरपाल की व्यवस्था कर धान ढंकना पड़ रहा है। कई केंद्रों में किसानों का धान खुले में रखा हुआ है, जिसके बारिश में भीगने और नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम पंचायत देमार के समिति प्रबंधक संतोष पटेल ने बताया कि संभावित चक्रवाती बारिश की सूचना को देखते हुए एहतियातन पहले ही तिरपाल की व्यवस्था कर ली गई थी। इससे धान को ढंककर सुरक्षित रखा गया है। मौसम खुलने के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। इसी तरह भटगांव, सोरम, खरेंगा, अछोटा, डोंड़की और शंकरदाह सहित अन्य धान खरीदी केंद्रों में भी समिति प्रबंधकों को धान की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ रही है।