कानपुर, 14 नवंबर । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के पहले दिन 71,591 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,042 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। तीन पालियों में आयोजित परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। किसी भी केंद्र से सामूहिक नकल या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। यह जानकारी शनिवार को परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन परीक्षा के लिए कुल 75,633 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 26,002 छात्र और 45,589 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में 1,975 छात्र और 2,067 छात्राएं अनुपस्थित रहीं। तीनों पालियों में परीक्षा का संचालन निर्धारित समय के अनुसार कराया गया।
पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 29,265 विद्यार्थियों में से 28 हजार ने परीक्षा दी, जबकि 1,265 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित हुई। इसमें 17,165 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 16,325 उपस्थित रहे और 840 ने परीक्षा छोड़ दी। तीसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक हुई। इसमें 25,161 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 24,449 ने परीक्षा दी और 712 अनुपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर निगरानी की व्यवस्था की है। समयबद्ध संचालन और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कराया जा रहा है।
इस बार विश्वविद्यालय ने परीक्षा व्यवस्था में नई पहल करते हुए कानपुर के तीन केंद्रों पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रश्नपत्रों की छपाई कराई। इनमें डीएवी पीजी कॉलेज, क्राइस्ट चर्च कॉलेज और जागरण कॉलेज शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन इस प्रयोग से मिले अनुभवों के आधार पर आगामी परीक्षाओं की व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगा।
