मुख्यमंत्री धामी ने जौलजीबी मेले का किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को 25 विकास योजनाओं की सौगात

Share

पिथौरागढ़, 14 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने जिले को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच पुराने व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में इस मेले का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्र की लोकसंस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करता है।

धामी ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को करीब से देखा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देने का माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों के प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति में स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के साथ आजीविका के नए अवसर भी विकसित हों।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी ली। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने भागीदारी की। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से संबंधित योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। उन्होंने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।