नई दिल्ली, 13 नवंबर । आगामी छठ पूजा के दौरान दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पूर्वी जोन के उपायुक्त अजरूद्दीन जहीरूद्दीन काजी ने शुक्रवार को गीता कॉलोनी स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर वहां की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मलबा हटाने के कार्य की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
घाट परिसर में धूल की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त ने 15 नवम्बर की सुबह पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं धूलमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट पर पूजा सामग्री एवं सामान्य कचरे के लिए अलग-अलग संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 40 से 45 सफाई कर्मचारियों को दो से तीन शिफ्टों में तैनात किया जाए।
उपायुक्त ने घाट के समीप द्वितीयक कचरा संग्रहण केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने तथा पूरे घाट परिसर में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण से संबंधित जागरूकता बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, कंसेशनायर की आईईसी टीम को नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं तथा आयोजन के दौरान घाट पर सफाई एवं स्वच्छता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निगम ने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से भी घाट की स्वच्छता बनाए रखने तथा पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।
