उज्जैन, 12 नवंबर । मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया गया। रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से सजे बाबा महाकाल के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल हुए और जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।
परंपरा के अनुसार गुरुवार सुबह चार बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद पुजारी-पंडितों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक-पूजन किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम जल अर्पित किया गया और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई।
पूजन के बाद कपूर आरती की गई। भगवान महाकाल को भांग, चंदन और गुलाब के सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान से भस्म रमाई गई। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के बाद बाबा का रजत श्रृंगार किया गया। उन्हें शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और अन्य आभूषण धारण कराए गए। भांग, ड्रायफ्रूट और सुगंधित पुष्पों से सजे भगवान महाकाल को फल एवं मिष्ठान का भोग लगाया गया।
भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के दौरान श्रद्धालु नंदी महाराज के भी दर्शन करते नजर आए। परंपरा के अनुसार कई भक्तों ने नंदी के कान में अपनी मनोकामनाएं कही। मंदिर परिसर में लगातार गूंजते बाबा महाकाल के जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
