कांग्रेस प्रभारी सांसद सुखदेव भगत 16 और 17 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर

Share

रायपुर, 12 नवंबर । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत 16 और 17 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव और मैनपाट सहित सरगुजा क्षेत्र का दौरा करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सुखदेव भगत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ स्तरीय जन चौपालों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों से सीधे संवाद करेंगे। बताया गया है कि सुखदेव भगत 16 नवंबर को सुबह 9 बजे लोहरदगा से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे शंख नदी के पास छत्तीसगढ़ सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे अघोरेश्वर सोगड़ा आश्रम, जशपुर पहुंचेंगे।

दौरे के पहले दिन सुखदेव भगत का फोकस जशपुर और आसपास के क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद पर रहेगा।

दोपहर 12:45 बजे वे जशपुर विधानसभा क्षेत्र के बालाछापर में आयोजित बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पतराटोली में दूसरी जन चौपाल आयोजित होगी। यहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों से संगठन की स्थिति और जमीनी गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।

कुनकुरी में भोजन के बाद वे कैथोलिक चर्च पहुंचकर बिशप से सौजन्य मुलाकात करेंगे। इसके बाद हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम है।

पहले दिन का अगला पड़ाव पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र का कांसाबेल होगा। शाम 4:45 बजे यहां तीसरी बूथ स्तरीय जन चौपाल में सुखदेव भगत कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर की तैयारियों पर चर्चा प्रस्तावित है।

इसके बाद शाम 5:15 बजे वे पत्थलगांव पहुंचेंगे। यहां जिला कांग्रेस कमेटी के दिवंगत उपाध्यक्ष स्वर्गीय हरगोविंद अग्रवाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सीतापुर होते हुए मैनपाट के कमलेश्वरपुर पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को सुखदेव भगत मैनपाट, सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र में निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे मैनपाट में धार्मिक दर्शन के साथ दिन की शुरुआत होगी। इसके बाद उनका अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित है।