हरक सिंह के संन्यास की धमकी सहानुभूति बटोरने का राजनीतिक पाखंड: महेंद्र भट्ट

Share

देहरादून, 10 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के राजनीति से संन्यास लेने वाले बयान को सहानुभूति बटोरने का एक राजनीतिक पाखंड बताया है। मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज के दौर में ऐसे नेताओं को राजनीति से संन्यास लेने की धमकी देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता खुद ही उन्हें राजनीति से बेदखल कर देती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार, अनैतिकता, तुष्टिकरण और विकास विरोधी राजनीति के लिए चुनाव दर चुनाव सबक सिखाया है।

भट्ट ने कांग्रेस नेतृत्व और हरक सिंह रावत की नैतिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पार्टी में नैतिकता बची है तो जांच पूरी होने तक हरक को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अलग किया जाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस यदि नैतिकता के इस मानदंड पर कार्रवाई करती है तो उसके आधे से अधिक नेताओं को बाहर करना पड़ सकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले में कानून को अपना काम करने देना चाहिए। पुलिस निष्पक्षता से जांच करेगी और अंतिम सच सामने आएगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को पीड़िता के मामले में राजनीति नहीं करने की चेतावनी देते हुए कहा कि जांच में दोषियों और उनके राजनीतिक मददगारों की भूमिका भी सामने आएगी।

यह मामला साल 2003 के एक पुराने कथित उत्पीड़न मामले से जुड़ा है। हाल ही में पीड़ित महिला ने एक बार फिर हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।