राजगढ़ः बिजली-पानी नहीं मिलने पर हाईवे पर लेटे किसान,डेढ़ घंटे रहा जाम

Share

राजगढ़, 10 नवंबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बिजली और सिंचाई के पानी की समस्या से परेशान किसानों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। खिलचीपुर तहसील के भूमरिया-पपडेल सहित आसपास के गांवों के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और जयपुर-जबलपुर हाईवे पर लेटकर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, वे सड़क से नहीं हटेंगे।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के करीब 25 गांवों में पिछले तीन सप्ताह से बिजली की सप्लाई प्रभावित है। इससे किसान खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस ने बैरिकेड हटाकर वाहनों को निकालने का प्रयास किया तो किसान सड़क पर लेट गए। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी भी किसानों के बीच पहुंचे।

किसानों ने बताया कि वे पहले भी अधिकारियों को आवेदन देकर समस्या बता चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बिजली कंपनी का कहना है कि ग्रिड पर अधिक लोड होने से परेशानी आ रही है। कुछ किसानों ने लाइनमैन पर बिजली चालू करने के बदले रुपए मांगने के आरोप भी लगाए। किसानों का कहना है कि जब नहर के वाल्व खोले जाते हैं, तब बिजली नहीं मिलती और जब बिजली आती है तो वाल्व बंद रहते हैं। इससे सिंचाई का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। देरी से फसलों पर असर पड़ रहा है। वहीं पीपल्याखास के ग्रामीणों ने मोहनपुरा परियोजना के बॉक्स नंबर 24 से पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायत करते हुए बॉक्स नंबर 21 से पानी उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री और डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज ने किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने संबंधित ऑपरेटर और लाइनमैन को हटाने, पांच सदस्यीय जांच टीम गठित करने और तीन दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त किया और हाईवे पर यातायात बहाल हुआ।