मुख्यमंत्री धामी ने शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

Share

देहरादून, 09 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ विकसित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प दोहराने का अवसर है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।